श्रीडूंगरगढ़, 26 सितंबर 2025। युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में रिक्त सीटों पर सीधे प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। यह खबर उन युवाओं के लिए किसी सौगात से कम नहीं है जो व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त कर जल्द ही आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं।
सरदारशहर रोड पर स्थित रमन आईटीआई के निदेशक कुंभाराम घिंटाला ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत शिक्षा को रोजगारोन्मुखी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे में आईटीआई किशोरों और युवाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करता है जहाँ वे कौशल सीखकर तुरंत रोजगार प्राप्त कर सकते हैं।
घिंटाला ने आगे बताते हुए कहा कि सरकार ने आईटीआई को 12वीं कक्षा के समकक्ष मान्यता दे दी है, जिससे युवाओं के लिए संभावनाओं के नए द्वार खुल गए हैं। अब आईटीआई की डिग्री हासिल करने के बाद युवा विभिन्न सरकारी नौकरियों के लिए भी आवेदन कर सकते हैं और साथ ही स्वरोजगार के माध्यम से अपना भविष्य भी संवार सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है और अब छात्रों के पास 28 सितंबर तक आवेदन करने का अवसर है। इच्छुक विद्यार्थी बिना देर किए आज ही अपना प्रवेश सुनिश्चित कर लें।
आवेदन करने के लिए, छात्रों को अपनी हार्ड कॉपी, अंक तालिका, प्रमाण पत्र, मूल निवास, जाति प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की फोटोकॉपी 28 सितंबर तक संबंधित संस्थान में जमा करानी होगी।
संस्थान में प्राप्त आवेदनों की मेरिट सूची 28 सितंबर को जारी की जाएगी, जिसके आधार पर 29 सितंबर को प्रवेश दिए जाएंगे।
यह खबर उन सभी युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है जो कम समय में व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त कर अपने करियर को एक नई दिशा देना चाहते हैं।