डूंगरगढ़ one 16 मार्च, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजकीय विधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बीकानेर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में “Frame of Justice – National Youth Reel & Short Film Competition” विषय पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. भगवाना राम बिश्नोई ने की।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मीनाक्षी कुमावत ने बताया कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके विधिक अधिकारों, न्याय व्यवस्था तथा सामाजिक-कानूनी विषयों पर रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए प्रेरित करना है।
मुख्य वक्ता चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (LADCS) के मनोज सुरोलिया ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि यह व्यवस्था पीड़ित, शोषित, वंचित एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करती है। उन्होंने पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध विधिक सहायता और अपराध की स्थिति में अपनाई जाने वाली कानूनी प्रक्रिया के बारे में भी बताया। साथ ही नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 व चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डिप्टी चीफ LADC वर्षा गहलोत ने पोस्को एक्ट से संबंधित जानकारी दी, जबकि सहायक प्रतिरक्षा अधिवक्ता देवाशीष भाटी ने नालसा हेल्पलाइन के माध्यम से विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया बताई।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्वागत प्रो. कुमुद जैन ने किया तथा पूजा छीपा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया और कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।