श्रीडूंगरगढ़ ONE 23 दिसंबर 2025। राज्य सरकार के दो साल पूरे होने पर क्षेत्र के गांवों में विकास रथ घुमाया जा रहा है। मंगलवार को ये रथ गांव ठुकरियासर पहुंचा तो पेयजल संकट से जूझ रहें ग्रामीणों ने जबरदस्त उलाहना दिया। ग्रामीणों ने विकास रथ का विरोध किया व कड़ी नाराजगी जताई। मोमासर मंडल के मेघराज सोनी रथ के साथ थे व ग्रामीणों ने भाजपा समर्थित मोहल्ले में नागरिकों के पेयजल संकट से जूझने की बात कही। ग्रामीणों ने बताया कि ठाकुरजी मंदिर बास देश की आजादी के समय से ही पानी से जूझ रहा है और उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। यहां मौजूद पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि लालचंद कड़वासरा, सरपंच प्रतिनिधि बुधराम गांधी, भागीरथ शर्मा, इंदरचंद शर्मा, मालाराम गोदारा, बजरंग शर्मा, हनुमान सिंह गोदारा, गुमान राम बावरी, आसुराम कड़वासरा, सचिन सैन, प्रदीप टांडी, विजयपाल कड़वासरा, राकेश जाखड़, लालचंद गोदारा, जगदीश कड़वासरा, मांगीलाल कड़वासरा, विक्रम सारण ने विरोध जताया और समस्या समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत का खाता सीज किए जाने व गांव के सभी विकास कार्य रोक दिए जाने पर भी नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने पेयजल समस्या का समाधान नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।