डूंगरगढ़ one 23 जनवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। गांव लोडेरा में खेल प्रतिभाओं के सम्मान में आयोजित ‘गांव का गौरव’ कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र का ध्यान आकर्षित किया। तीन दिनों से चल रहे इस आयोजन में नेशनल गोल्ड मेडल विजेता खिलाड़ी रामकन्या (पुत्री तोलाराम गोदारा) सहित राज्य स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को भव्य रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
सम्मान समारोह में ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी, रंग-गुलाल और फूलमालाओं के साथ खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। आयोजन में करीब 300 से अधिक ग्रामीण बुजुर्गों, युवाओं, माताओं-बहनों और बच्चों ने भाग लिया।
युवाओं के लिए प्रेरणा बना कार्यक्रम
कार्यक्रम का मंच संचालन कर रहे दिनेश कुमार गोदारा ने बताया कि लोडेरा गांव के बच्चों में खेलों के प्रति जो जुनून और समर्पण है, वह आसपास के गांवों के लिए प्रेरणादायक है। बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और लगातार राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हो रहे हैं।
मुख्य व वरिष्ठ अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लिखमाराम गोदारा तथा वरिष्ठ अतिथि मानकराम गोदारा, सोहनराम गोदारा, बजरंग लाल गोदारा, सियाराम गेट, मुनीराम, पदम सिंह गोदारा, सुरेश गोदारा, बीरबल गोदारा, सरवनराम मेघवाल, कृष्णाराम गोदारा, महात्मा स्वामी सहित अनेक गणमान्य ग्रामीण मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
राज्य स्तर पर चयनित खिलाड़ी (सत्र 2025-26)
- दिक्षा (पुत्री लालाराम नैण) – U-14 वॉलीबॉल
- कविता (पुत्री गणेशाराम) – U-17 खो-खो
- पवन गोदारा (पुत्र दिनेश कुमार गोदारा) – U-14 दौड़ (100 मीटर)
- अम्बिका (पुत्री मोहनलाल गोदारा) – 46 किग्रा कुश्ती
- वेदांत गोदारा (पुत्र हुकमाराम गोदारा) – 52 किग्रा कुश्ती (स्टेट)
- मुकेश मेघवाल – दौड़
- रामचंद्र मेघवाल – दौड़
गांव ने दिया एकजुटता और खेल भावना का संदेश
कार्यक्रम के समापन पर ग्रामवासियों ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित कर यह संदेश दिया कि ग्रामीण प्रतिभाओं को सही मंच और सहयोग मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर पर भी गांव का नाम रोशन कर सकती हैं।