मघजी की ढाणी से शुरू हुई यात्रा, डॉ. राजेंद्र मूंड के नेतृत्व में कई गांवों की चौपालों तक पहुंचा अभियान
डूंगरगढ़ one 14 फरवरी, 2026 श्रीडूंगरगढ़। लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र में केंद्र सरकार द्वारा लागू नई मनरेगा नीति के विरोध में मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान की शुरुआत गांव मघजी की ढाणी की चौपाल से हुई। यह अभियान के आह्वान एवं के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
जनसंवाद यात्रा का नेतृत्व पीसीसी महासचिव एवं विधानसभा प्रत्याशी डॉ. राजेंद्र मूंड ने किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नापासर के तत्वावधान में आयोजित यह अभियान मघजी की ढाणी से शुरू होकर खींचिया, जलालसर, जामसर, अकड़ियावाला, लालसर, दाऊदसर, जगदेववाला सहित कई गांवों की चौपालों तक पहुंचा। गांव-गांव हुई चौपाल बैठकों में बड़ी संख्या में ग्रामीण, मजदूर, महिलाएं, युवा एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मनरेगा कानून को कमजोर किया जा रहा : डॉ. मूंड
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. राजेंद्र मूंड ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कानून देश के करोड़ों गरीब और कमजोर नागरिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा का मजबूत आधार रहा है, लेकिन केंद्र सरकार की नई नीति में इसके कई अहम कानूनी प्रावधानों को समाप्त कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इससे उन परिवारों पर तत्काल और विनाशकारी प्रभाव पड़ेगा जिनका जीवन पूरी तरह मनरेगा पर निर्भर है। साथ ही, अधिकार आधारित कानून को कमजोर कर लोगों के मन से अपने हक की भावना को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।
पंचायती राज परिसीमन पर भी साधा निशाना
डॉ. मूंड ने भाजपा सरकार पर राजनीतिक द्वेषता के तहत पंचायती राज संस्थाओं के परिसीमन का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस का यह नैतिक दायित्व है कि वह जनता के अधिकारों को छीनने वाले कानूनों के खिलाफ लोगों को जागरूक करे और राजनीतिक चेतना को मजबूत करे।
मनरेगा योजना को खत्म करने की साजिश : बंशी हुड्डा
ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता बंशी हुड्डा ने कहा कि मनरेगा पहले एक मजबूत कानून था, जिसे अब केवल योजना बनाकर कमजोर कर दिया गया है। मनरेगा से गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली, मजदूर, दलित, पिछड़ा और महिला वर्ग को रोजगार व सम्मान मिला।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मनरेगा को पुनः पूर्ण रूप से बहाल नहीं किया गया तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।
कई वक्ताओं ने किया संबोधन, भारी जनसमर्थन
इस जनसंवाद यात्रा को सरपंच सफी मोहम्मद, पीर दिले शाह, पूर्व सरपंच पीर रफीक शाह सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम में जामसर मंडल अध्यक्ष वजीर शाह, जगदीश गोदारा, भवरसिंह, गिरधारी सिंह, इस्माइल खान, जीवराज सिंह, दिलावर खान, रतिराम गोदारा, बलराम कूकणा समेत हजारों की संख्या में ग्रामीणजन एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।