WhatsApp Menu
गणगौर उत्सवों की मची है धूम  |  श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से न्यूज एक्सप्रेस में पढ़ें आज की कुछ खास खबरें एकसाथ  |  भागवत कथा में दूसरे दिन राजा परीक्षित के प्रसंग सुन भाव विभोर हुए श्रद्धालु।  |  सातलेरा-बिग्गा में धूमधाम से निकली गणगौर की सवारी, मगरिया में उमड़ा जनसैलाब  |  श्रीडूंगरगढ़ मंडी से देखें सभी जिंसो के “आज के भाव”  | 

लगातार गांव में कर रहें घुसपैठ, सजग ग्रामीणों ने बाइक पकड़ी, रात भर गांव में चलती रही दौड़ भाग, चोर के सीसीटीवी निकाले, पहुंची पुलिस

श्रीडूंगरगढ़, 11 नवंबर 2025: श्रीडूंगरगढ़ के दक्षिणी छोर पर बसे गांवों में एक पखवाड़े से चोरों के एक गिरोह ने आतंक मचा रखा है। निडर होकर वे घरों में घुस रहे हैं और चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पिछली रात ग्रामीण चोरों के पीछे भागते रहे, पर चोर चकमा देकर फरार हो गए। अलबत्ता, ग्रामीणों ने उनकी मोटरसाइकिल ज़रूर जब्त कर ली है और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिए हैं।

सोनियासर मीठिया गांव में सरपंच नंदकिशोर बिहाणी और गांव के युवा रात भर गाड़ियों में गश्त करते रहे। सूत्रों के अनुसार, रात करीब 3:30 बजे चोर गांव के पास एक खेत में मोटरसाइकिल खड़ी कर गांव में घुसा। युवाओं ने उसकी मोटरसाइकिल जब्त कर ली, जिसके बाद सरपंच सहित अनेक ग्रामीण मौके पर पहुंचे। चोर सोनियासर मीठिया से सोनियासर शिवदानसिंह की ओर भागा, जहाँ उसने लीलूराम मेघवाल के घर में घुसकर एक लाख रुपए की नगदी चुरा ली। तभी मीठिया से गाड़ी वहां पहुंची, और चोर गांव में छिप गया। गाड़ी की लाइट देखकर वह इधर-उधर भागता रहा। कुछ देर बाद उसने एक गाड़ी बुलाई और उसमें सवार होकर तेज़ रफ़्तार से फरार हो गया। ग्रामीणों ने सुबह पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद हेड कांस्टेबल देवाराम पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि संदिग्ध चोर सवाईसिंह राजपूत की दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।

सरपंच नंदलाल बिहाणी ने बताया कि इसी चोर ने तीन दिन पहले श्रवणराम मेघवाल के घर में घुसकर 3500 रुपए चुराए थे, लेकिन परिवार के जाग जाने पर वह भाग गया। सरपंच के अनुसार, यही गिरोह पहले भी गांव में 25-25 हजार के बकरे-बकरियां चुरा ले जाता था और अपने साथियों को बुलाकर गाड़ी में डलवा कर फरार हो जाता था। लगभग पांच दिन पहले भी ये तीन-चार घरों में घुसे थे, लेकिन जाग होने पर भाग गए। ऐसा लगता है कि एक पखवाड़े से बासो के गांव इनकी निगाह में हैं और वे लगातार छोटी-मोटी चोरियों को अंजाम दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि चोर मोटरसाइकिल पर आता है और सामान गाड़ी में लदवाता है। गिरोह का एक सदस्य मोटरसाइकिल पर आता है, गांव के बाहर कहीं बाइक खड़ी कर पैदल घरों में घुसकर सीधे-सादे ग्रामीणों के घरों में गहनों, नगदी से लेकर पशुधन तक को निशाना बनाता है। इसके बाद, चोर एक गाड़ी बुलाता है और उसमें सामान लदवा कर फरार हो जाते हैं। एक चोर वापस बाइक के पास रुककर बाइक लेकर जाता है।

लगातार एक पखवाड़े से गांव के घरों में चोरों के घुसने की वारदातों और छोटी-मोटी चोरियों से ग्रामीण परेशान हो गए हैं। गांव के युवा सोनू धानिया ने बताया कि युवाओं ने मिलकर चोर को पकड़ने के लिए सतर्कता बरतने की रणनीति बनाई और पहरा दिया। चोर की बाइक रोककर गांव में घुसने के बाद बाइक को बरामद किया गया। युवाओं ने आगे भी बहादुरी से सतर्कता के साथ गांव हित में योगदान देने की बात कही है। इस घटना ने ग्रामीणों को सोचने पर मजबूर कर दिया है और इलाके में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

home होम layers मोबाइल नंबर mic ऑडियोज़ smart_display शॉर्ट्स theaters शोज़