श्रीडूंगरगढ़, 20 नवंबर 2025: श्रीडूंगरगढ़ मंडी में गुरुवार को भी मूंगफली की आवक ज़ोरों पर रही और भावों में भी सुधार देखने को मिला। किसानों की भारी संख्या में उपस्थिति के कारण मंडी मूंगफली से लबालब भरी हुई है।
व्यापारियों के लिए यह भारी आवक अब जगह की कमी के कारण परेशानी का सबब बन गई है। व्यापार मंडल के सदस्यों ने किसानों से आग्रह किया है कि वे धीरे-धीरे माल लेकर मंडी पहुंचें, ताकि माल के उठान के साथ मंडी में जगह बन सके।
गुरुवार को मूंगफली के भावों की बात करें तो, फ्रेश गोटा 6000/- से 6500/- रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिका। सिकाई मूंगफली के भाव भी 5500/- से 6500/- रुपये प्रति क्विंटल तक सुधरे हैं। चुग्गा मूंगफली 5000/- से 5800/- रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिकी।
हालांकि, मंडी में खल के भाव में गिरावट दर्ज की गई। नई खल (जानकी ब्रांड) 3450/- से 3700/- रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिक रही है।
मंडी में मूंगफली की आवक और भावों में उतार-चढ़ाव पर किसानों और व्यापारियों की निगाहें बनी हुई हैं।