श्रीडूंगरगढ़ में नूरानी मियां अशरफी उल जिलानी ने दिया इंसानियत, सादगी और इबादत का पैगाम
श्रीडूंगरगढ़ ONE 31 मार्च 2026। कस्बे में आयोजित अजमत-ए-मुस्तफा कॉन्फ्रेंस (जलसा) में अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पधारे पीर सय्यद मोहम्मद नूरानी मियां अशरफी उल जिलानी साहब (किछौछा शरीफ, उत्तर प्रदेश) ने अपने बयान में इंसानियत, अच्छे अखलाक (चरित्र), मां-बाप की खिदमत और सादगी भरी जिंदगी के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक कामयाब और सुकून भरी जिंदगी के लिए इबादत के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारा, मोहब्बत और दूसरों के साथ अच्छा व्यवहार बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं को नसीहत करते हुए कहा कि वे अपने बुजुर्गों का सम्मान करें और दीन के रास्ते पर चलते हुए समाज में मिसाल पेश करें। जलसे में बाहर से आए मेहमानों का भवानी तावणियां और इमरान राईन द्वारा गर्मजोशी से इस्तकबाल किया गया। कार्यक्रम में नेपाल से आए रिजवान अहमद और बीकानेर से नौशाद अहमद की मौजूदगी भी खास रही। इस दौरान सभी मौलाना-ए-कराम भी मौजूद रहे और सामूहिक रूप से अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ की गई।
श्रीडूंगरगढ़ में 2 अप्रैल को विजयपालसिंह गोदारा की पुण्यतिथि पर जुटेंगे नामी पहलवान
श्रीडूंगरगढ़ ONE 31 मार्च 2026। कस्बे में खेल और श्रद्धा का संगम 2 अप्रैल को देखने को मिलेगा, जब दिवंगत विजयपाल सिंह गोदारा पहलवान की 27वीं पुण्यतिथि पर महर्षि दयानन्द सरस्वती छात्रावास में विशाल कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्रभर से दिग्गज पहलवानों के साथ जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. चंद्रभान सहित कई प्रमुख अतिथि शिरकत करेंगे। वे दिवंगत गोदारा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही कुश्ती में भाग लेने वाले खिलाड़ियों और युवाओं का उत्साहवर्धन करेंगे। छात्रावास मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट श्याम सुन्दर आर्य ने क्षेत्र के अधिक से अधिक खिलाड़ियों एवं आमजन से इस आयोजन में भाग लेने की अपील की है। वहीं, सुशील सेरडिया ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में श्रीडूंगरगढ़ सहित आसपास के जिलों और राजस्थान भर से पहलवान भाग लेंगे, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजकों का उद्देश्य पहलवान दिवंगत विजयपाल सिंह गोदारा की स्मृति को जीवंत रखते हुए युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना है।
एकजुट हुआ सामाजिक अंकेक्षण संघ, बैठक में लिए गए अहम फैसले
श्रीडूंगरगढ़ श्रीडूंगरगढ़ ONE 31 मार्च 2026। बीकानेर में जिला परिषद सभागार में सामाजिक अंकेक्षण संघ का सामूहिक बैठक एवं स्नेह मिलन समारोह उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में अप्रैल से शुरू होने वाली सामाजिक अंकेक्षण प्रक्रिया की तैयारियों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रविंद्र कुमार पंडित ने की तथा जिला संसाधन अधिकारी नंदलाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि चंद्रकला, विशिष्ट अतिथि मोनिका मंडावरा एवं लोकपाल साजिदा बानो मौजूद रहीं। सरस्वती पूजन से शुरुआत हुई, संचालन महावीर प्रसाद जालब व सोहनलाल ने किया। बैठक में 2022 के बकाया भुगतान शीघ्र जारी करने, 2024-25 भुगतान प्रक्रिया, आईडी कार्ड व अन्य जिलों में ड्यूटी पर TA/DA जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। लोकपाल ने BRP को ग्राम सभा में अनिवार्य उपस्थिति व नियमों के पालन के निर्देश दिए। प्रशिक्षण, परीक्षण व जिम्मेदारी से कार्य करने पर भी जोर दिया गया। अंत में सभी पदाधिकारियों व सदस्यों का सम्मान किया गया। समारोह ने संगठन की एकजुटता को मजबूती दी।
रक्तदान शिविर का बैनर का विमोचन, कल होगा रक्तदान शिविर व श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
श्रीडूंगरगढ़ ONE, 31 मार्च 2026। अंचल के गौरव अमर शहीद हेतराम गोदारा की स्मृति में 1 अप्रैल को आयोजित होने वाली श्रद्धांजलि सभा एवं रक्तदान शिविर को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है। मंगलवार को बीकानेर जाट छात्रावास में कार्यक्रम के बैनर-पोस्टर का विमोचन किया गया। वहीं एसपी मृदुल कच्छावा ने भी बैनर का विमोचन किया। इस अवसर पर राजेश गोदारा, ओंकारनाथ सिद्ध एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सोहनलाल गोदारा विशेष रूप से उपस्थित रहे। छात्रावास के पदाधिकारी एवं विद्यार्थियों की मौजूदगी में कार्यक्रम को लेकर उत्साह दिखाई दिया। आयोजकों के अनुसार शहीद के पैतृक गांव सोनियासर में 1 अप्रैल को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा के साथ रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य शहीद की स्मृति को नमन करते हुए युवाओं में देशभक्ति एवं सेवा भाव को प्रेरित करना है।