डूंगरगढ़ one 1 जनवरी, 2025 श्रीडूंगरगढ़। एक ओर जहां नववर्ष के अवसर पर लोग खुशियां मना रहे थे, वहीं दूसरी ओर राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन (एकीकृत) बीकानेर के बैनर तले नर्सेज, फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर अनोखा प्रदर्शन किया। संगठन ने नई स्थायी भर्ती मेरिट + बोनस के आधार पर जारी करवाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री और चिकित्सा मंत्री को अपने खून से लिखे पोस्टकार्ड भेजे।
जिलाध्यक्ष श्योपत गोदारा ने बताया कि संविदा पर कार्यरत हजारों नर्सेज साथियों के हित में यह कदम उठाया गया है, ताकि उन्हें स्थायी नियुक्ति का अवसर मिल सके और आमजन को अनुभवी व कुशल नर्सेज उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि बीकानेर से 100 से अधिक पोस्टकार्ड भेजे गए हैं, जबकि पूरे प्रदेश से लगभग 10 हजार पोस्टकार्ड सरकार को भेजे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो अगले चरण में जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसके बाद जयपुर में प्रदेशभर के नर्सेज एकत्र होकर आंदोलन की अगली रणनीति तय करेंगे।
इस दौरान राकेश कड़वासरा, उवेश भाटी, बजरंग सियाग, राजेश सिंह बोरा, प्रतीक पारीक, महेंद्र सिंह झोरड़, सत्येंद्र सिंह राठौड़, अजीमुद्दीन सिद्दीकी, भरत तंवर, रजाक अहमद सहित बड़ी संख्या में नर्सेज व फार्मासिस्ट मौजूद रहे।