श्रीडूंगरगढ़, 24 अगस्त 2025। इन दिनों श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में धार्मिक श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। जगह-जगह धार्मिक अनुष्ठान हो रहे हैं, जिनसे वातावरण भक्तिमय हो गया है। आईये, श्रीडूंगरगढ़ ONE के माध्यम से जानते हैं क्षेत्र में हो रहे कुछ प्रमुख आयोजनों के बारे में:
जैन समाज का महत्वपूर्ण पर्व, पर्युषण, यहाँ बड़े उत्साह से मनाया जा रहा है। तेरापंथ सेवाकेन्द्र में साध्वी संगीश्री और साध्वी परमप्रभा के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रविवार को पर्युषण पर्व का पाँचवा दिन अणुव्रत चेतना दिवस के रूप में मनाया गया।
इस अवसर पर साध्वीश्री मुदिता ने आचार्यश्री तुलसी द्वारा अणुव्रत के सन्देश को मानवता के लिए अनमोल बताया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति महाव्रतों का पालन नहीं कर सकता, लेकिन अणुव्रतों के छोटे-छोटे नियमों को अपनाकर भी जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। साध्वीश्री परमप्रभा ने भगवान महावीर के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए उनके 27 भवों की जानकारी दी और उनके संदेशों को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी। साध्वीश्री संगीतश्री ने आगमवाणी के महत्व को बताते हुए इसे सुनने के लिए प्रेरित किया। पर्युषण के दौरान साध्वीश्री ने श्रावक सुखलाल मालू को याद करते हुए उनसे संघ के प्रति निष्ठा की प्रेरणा लेने की बात कही।
पर्युषण पर्व के दौरान तेरापंथ सेवाकेन्द्र में 20 अगस्त से अखंड जप का क्रम जारी है, जो 26 अगस्त को समाप्त होगा। इस श्रृंखला में किशोर मंडल ने शनिवार की रात नवकार मंत्र का सामूहिक जाप किया। किशोर मंडल के युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ नवकार मंत्र का जाप करते हुए अपनी भागीदारी निभाई। तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष विक्रम मालू ने किशोर मंडल के इस प्रयास को सराहते हुए कहा कि इससे आने वाली पीढ़ी में धर्म के प्रति आस्था बढ़ेगी। इस आयोजन में हरीश डागा का विशेष सहयोग रहा। किशोर मंडल प्रभारी मोहित बोरड़, संयोजक मुदिक पुगलिया, सहसंयोजक विशाल बोथरा, तनीश छाजेड़, प्रभारी रजत सिंघी, सहप्रभारी रोशन सिंघी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्रीडूंगरगढ़ में चार वर्ष पहले शुरू हुई गणेश महोत्सव की परंपरा इस वर्ष भी जारी है। चतुर्थ गणेश महोत्सव बड़े धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। बिग्गबास के वार्ड 23 में हनुमान जी मंदिर के सामने गणपति की स्थापना की जाएगी। जय गणेश मित्र मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में गणेशजी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। 27 अगस्त से 6 सितम्बर तक 11 दिनों तक क्षेत्र में गणपति बप्पा मोरिया के जयकारे गूंजेंगे। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजक मंडल के अध्यक्ष रामचंद्र छापोला ने बताया कि 27 अगस्त को सुबह गणपति प्रतिमा राम मंदिर आडसर बास से गाजे-बाजे के साथ लाई जाएगी और 11 दिनों तक प्रतिदिन सुबह-शाम महाआरती की जाएगी। पंडाल में दिन भर कीर्तन और सत्संग का आयोजन होगा। मोहल्ले के युवा संजय मोदी, चतुर्भुज छापोला, लोकेश बासनीवाल, आयुष स्वामी, मोहित बासनीवाल, आयुष सारस्वत, श्रीकांत छापोला, गोलू स्वामी, तनेश सिखवाल, रुद्र स्वामी, आशीष छापोला, जेठालाल, अर्पित सारस्वत, अंकित सारस्वत, देवाशीष स्वामी, इलेश स्वामी, दीवांशु छापोला आदि तैयारियों में जुटे हुए हैं।
क्षेत्र के गांव जाखासर में पूर्व सरपंच दानाराम सियाग के परिवार द्वारा सात दिवसीय भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। रविवार से शुरू हुए इस आयोजन में कथावाचक आचार्य ओमप्रकाश सारस्वा कथा का वाचन कर रहे हैं। 30 अगस्त तक चलने वाले इस आयोजन में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कथा का वाचन किया जाएगा। आयोजक परिवार की प्यारीदेवी सियाग ने बताया कि आयोजन में समस्त क्षेत्रवासियों को आमंत्रित किया गया है।