डूंगरगढ़ one 30 दिसम्बर, 2025 श्रीडूंगरगढ़। ग्राम दुसारणा बास बड़ा में श्मशान भूमि की ओर जाने वाले सार्वजनिक रास्ते को अवरुद्ध किए जाने और गोचर भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है। नायकों/मेघवालों के मोहल्ले में रहने वाले ग्रामीणों ने इस संबंध में उपखण्ड अधिकारी श्रीडूंगरगढ़ को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि आबादी क्षेत्र के पास वर्षों से सार्वजनिक उपयोग में आ रहा रास्ता एक व्यक्ति द्वारा बंद कर दिया गया है, जिससे समाज के लोगों को श्मशान भूमि तक पहुंचने में भारी परेशानी हो रही है। आरोपित द्वारा घरों के पास स्थित गोचर भूमि पर कब्जा करने की भी कोशिश की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार विरोध करने पर आरोपी अपने साथ 10–12 लोगों को पिकअप वाहन में लेकर मौके पर पहुंचा और धमकाने लगा। साथ ही भूमि पर तारबंदी की तैयारी भी की जा रही है, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि श्मशान भूमि की ओर जाने वाले रास्ते को तुरंत खुलवाया जाए तथा गोचर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और बिगड़ सकती है। इस दौरान पूनमचंद, शिवचन्द, राकेश, रामूराम, तोलाराम आदि मौजूद रहे।