श्रीडूंगरगढ़ ONE 11 नवंबर 2025। किसान की ढाणी में आग लगने और किसान परिवार की बरसों से तिनका तिनका जोड़ कर बनाई गृहस्थी उजड़ने की घटनाएं क्षेत्र में प्रतिदिन सामने आ रही है।
गांव सोनियासर शिवदानसिंह में जगदीश पुत्र घासीराम मेघवाल के बारानी खेत में बनी ढाणी में मंगलवार शाम करीब 5 बजे आग लग गई। जगदीश ने बताया कि घर में कोई सोने के गहने या नगदी नहीं थे। परिवार का राशन, कपड़े, सामान और एक मोटरसाइकिल जलकर खाख हो गया। बारानी खेत में आग बुझाने के लिए पानी नहीं मिला और तब तक ढाणी में बने दो झोंपड़े जलकर खाख हो गए। यहां एक सिलेंडर भी आग की चपेट में आकर फट गया। परिवार उस समय दिहाड़ी मजदूरी पर गया था और पीछे से अज्ञात कारणों से आग लग गई। खेत पड़ौसियों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार बुरी तरह से मायूस हो गया। जगदीश की पत्नी को महिलाओं ने ढांढ़स बंधाने का प्रयास भी किया। मुन्नीराम कस्वां सहित पड़ौसियों ने प्रशासन से जरूरतमंद परिवार की मदद करने की अपील भी की।