शनिवार का दिन श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ऊपनी गांव के लिए एक नई उम्मीद लेकर आया। यहां 33/11 केवी के नव-स्वीकृत जीएसएस सब स्टेशन का शिलान्यास किया गया, जो इस क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को एक नया आयाम देगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक ताराचंद सारस्वत ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में यह क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण बिजली परियोजना के लिए मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के प्रति आभार व्यक्त किया।
गाँव वालों ने विधायक का स्वागत ढोल नगाड़ों के साथ किया। युवा, बुजुर्ग और महिलाओं की उपस्थिति से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बन गया।
विधायक सारस्वत ने कहा कि इस जीएसएस के बनने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति मजबूत होगी और वोल्टेज की पुरानी समस्या का समाधान होगा। किसान, घरेलू उपभोक्ता और व्यापारी इससे सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यह परियोजना ग्रामीण क्षेत्र की एक लम्बे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी।
कार्यक्रम में देहात अध्यक्ष महेन्द्र सिंह, मोमासर अध्यक्ष नरेश मोट, शहर अध्यक्ष राधेश्याम दर्जी, मदलाल मेघवाल, जगदीश गुर्जर, भँवरलाल बाना, सहायक अभियंता वैष्णव हर्ष, सिविल AEN ब्रजलाल सिंह भाटी सहित कई पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे। गांव के नौरंगनाथ सिद्ध, मोहननाथ सिद्ध, हड़मान शर्मा, मंगलाराम गोदारा, मालाराम तर्ड, अंनाराम वकील, भगवनाराम, मोडूराम मेघवाल, श्रीराम नाथ और परमाराम नाई सहित अनेक ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत किया।