श्रीडूंगरगढ़ ONE 21 मार्च 2026। आज शाम 4 बजे आड़सर बास में हनुमान क्लब से सजे धजे 21 गणगौर ईसर के जोड़ों की सवारी यात्रा निकलेगी। गणगौर मेला समिति के बैनर तले आयोजित इस गणगौर सवारी यात्रा में विशेष शिव पार्वती झांकी और अघोरी नृत्य प्रस्तुति के साथ ऊंट-घोड़े, बैंड-बाजे, डीजे शामिल होगा। यात्रा भव्य और दर्शनीय होगी। समिति सदस्यों ने गणगौर को भोग लगाने व पानी पिलाने की परंपरा का निर्वहन करने व इसी सांस्कृतिक यात्रा में शामिल होने का आग्रह महिला वर्ग से किया है। समिति सदस्यों द्वारा आयोजन की तैयारियां की जा रही है। यात्रा मुख्य मार्गों से होकर शहीद हेमू कालानी पार्क पहुंच कर संपन्न होगी। समिति बैनर तले कल सुबह इसी पार्क में गणगौर सजाओ प्रतियोगिता और गणगौर के फेरों का आयोजन होगा। विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे और प्रसाद वितरण होगा।
वहीं आज सुबह से ही घरों में गणगौर पूजन का उत्साह छाया है। महिलाएं घर-घर में गणगौर पूजन आयोजन संपन्न कर रही है। शुक्रवार शाम को बिग्गाबास के गणेश मंदिर में माहेश्वरी महिला समिति द्वारा गणगौर उत्सव का आयोजन किया गया। समिति की महिलाएं कार्यक्रम में शामिल हुई और गणगौर के गीत गाते हुए खूब नृत्य किया। कार्यक्रम में महिलाएं गणगौर सजाकर लेकर पहुंची।