डूंगरगढ़ one 3 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध सिलिका रेत का परिवहन कर रहे कुल 5 डम्पर जब्त किए।
कार्रवाई के दौरान श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में एक डम्पर अवैध सिलिका रेत से भरा मिला, जिसे पुलिस थाने को सुपुर्द किया गया। वहीं दो अन्य डम्परों को मौके पर ही जब्त किया गया। इन तीनों वाहनों पर कुल 4.76 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया, जिसमें से 2.88 लाख रुपए की राशि मौके पर ही वसूल ली गई।
इसी क्रम में नाल क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए सिलिका रेत से भरे दो डम्परों को पकड़ा गया। इन पर कुल 2.88 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया, जिसकी पूरी राशि मौके पर ही वसूल कर ली गई।
अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।